भारतीय राज्यव्यवस्था एवं शासन (Part-I)

Total Questions: 65

1. ब्रिटिश भारत में सांप्रदायिक प्रतिनिधित्व की व्यवस्था निम्नलिखित में से किस अधिनियम द्वारा की गई थी? [M.P. P.C.S. (Pre), 2019]

Correct Answer: (b) मार्ले-मिंटो सुधार, 1909
Solution:भारतीय परिषद अधिनियम, 1909 (मार्ले-मिंटो सुधार, 1909) द्वारा ब्रिटिश भारत में सर्वप्रथम सांप्रदायिक प्रतिनिधित्व की व्यवस्था की गई, जिसके अंतर्गत मुसलमानों के लिए पृथक निर्वाचन मंडल का प्रावधान किया गया।

2. केंद्र में कौन-सा एक्ट द्विसदनीय विधायिका लाया? [M.P. P.C.S. (Pre), 2013]

Correct Answer: (c) 1919 एक्ट
Solution:1919 के भारत सरकार अधिनियम द्वारा केंद्र में द्विसदनीय विधानपालिका की स्थापना की गई। ऊपरी सदन, 'राज्य परिषद' (Council of State; अवधि-प्रथम बैठक से 5 वर्ष) कहलाता था तथा इस अधिनियम की धारा 18 के तहत इसके 60 सदस्यों में से अधिकतम 20 सदस्य सरकारी हो सकते थे। निचला सदन 'केंद्रीय विधानसभा' (Central Legislative Assembly; अवधि-प्रथम बैठक से 3 वर्ष) कहलाता था तथा भारत सरकार अधिनियम, 1919 की धारा 19 के तहत इसमें मूलतः 140 सदस्यों का प्रावधान था, जिसमें से 100 निर्वाचित तथा 40 मनोनीत (जिसमें से अधिकतम 26 सरकारी) होने थे। ज्ञातव्य है कि 1919 के अधिनियम के क्रियान्वयन हेतु बने नियमों के तहत राज्य परिषद के 60 सदस्यों में से 33 के निर्वाचित तथा शेष 27 के मनोनीत होने का प्रावधान किया गया, जबकि केंद्रीय विधानसभा के सदस्यों की संख्या बढ़ाकर पहले 143 (102 निर्वाचित 41 मनोनीत) तथा फिर 145 (104 निर्वाचित 41 मनोनीत) कर दी गई। उल्लेखनीय है कि दोनों सदनों में मनोनीत सदस्यों में से एक-एक बरार से निर्वाचित होने वाले सदस्य भी होते थे, जिन्हें गवर्नर जनरल मनोनीत करता था।

3. भारत शासन अधिनियम, 1919 के अंतर्गत भारतीय विधायिका का अंतिम निर्वाचन किस वर्ष में आयोजित किया गया था? [M.P. P.C.S. (Pre), 2020]

Correct Answer: (c) 1945
Solution:भारत शासन अधिनियम, 1919 के अंतर्गत भारतीय विधायिका (केंद्रीय विधानसभा) का अंतिम निर्वाचन वर्ष 1945 में आयोजित किया गया था।

4. किस अधिनियम ने प्रांतों में द्वैध शासन प्रणाली की स्थापना की? [M.P.P.C.S. (Pre) 2022]

Correct Answer: (b) 1919 का भारत सरकार अधिनियम
Solution:भारत सरकार अधिनियम, 1919 की एक प्रमुख विशेषता प्रांतों में द्वैध-शासन (Dyarchy) की स्थापना थी। इस प्रणाली के तहत प्रांतीय सरकार के कार्यों को दो भागों 'आरक्षित' (Reserved) तथा 'अंतरित' या 'हस्तांतरित' (Transferred) में विभक्त किया गया। 'आरक्षित' विषयों के अंतर्गत न्याय प्रशासन, भू-राजस्व, वित्त, पुलिस, सिंचाई आदि को रखा गया, जबकि हस्तांतरित विषयों के तहत स्थानीय स्वशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि आदि को रखा गया। आरक्षित विषय प्रांतीय गवर्नर एवं उसकी कार्यकारी परिषद के तहत रखे गए, जबकि हस्तांतरित विषयों का उत्तरदायित्व प्रांतीय विधायिका के प्रति उत्तरदायी मंत्रियों को सौंपा गया।

5. निम्नलिखित में से किस अधिनियम द्वारा 'संवैधानिक निरंकुशता का सिद्धांत' प्रवृत्त किया गया? [M.P. P.C.S. (Pre), 2017]

Correct Answer: (c) 1935 का भारत सरकार अधिनियम
Solution:संवैधानिक निरंकुशता का सिद्धांत, भारत सरकार अधिनियम, 1935 द्वारा प्रवृत्त किया गया। यह अधिनियम ब्रिटिश संसद द्वारा पारित सर्वाधिक विस्तृत अधिनियम था। साथ ही यह भारत के लिए तैयार संवैधानिक प्रस्तावों में से सबसे जटिल दस्तावेज था। इसी अधिनियम में भारत संघ की स्थापना, संघीय न्यायपालिका, केंद्र और राज्यों के मध्य शक्तियों का विभाजन आदि की व्यवस्था की गई थी।

6. भारत शासन अधिनियम, 1935 के तहत प्रस्तावित संघीय प्रणाली थी- [M.P. P.C.S. (Pre), 2021]

Correct Answer: (b) भारत संघ
Solution:भारत शासन अधिनियम, 1935 के तहत प्रस्तावित संघीय प्रणाली 'भारत संघ' (Federation of India) थी, जिसका निर्माण तत्कालीन ब्रिटिश भारत के प्रांतों, चीफ कमिश्नर प्रांतों और देशी रियासतों से मिलाकर होना था। प्रस्तावित भारत संघ द्विस्तरीय होना था, जिसमें एक केंद्रीय कार्यपालिका और संसद तथा इसके नीचे प्रांतों (एवं रियासतों) की सरकारों का प्रावधान था। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा इस प्रश्न का उत्तर विकल्प (a) अखिल भारतीय संघ (All India Federation) दिया गया है. जो कि सही नहीं है।

7. निम्नलिखित में से संविधान सभा के बारे में गलत कथन कौन-सा है? [M.P. P.C.S. (Pre), 2012]

Correct Answer: (c) इसका निर्वाचन सार्वभौम वयस्क मताधिकार के आधार पर किया गया।
Solution:संविधान सभा के सदस्यों का निर्वाचन प्रांतीय विधानसभाओं के सदस्यों द्वारा अप्रत्यक्ष निर्वाचन के आधार पर हुआ था, न कि सार्वभौम वयस्क मताधिकार के आधार पर प्रत्यक्ष निर्वाचन द्वारा। कर, संपत्ति और शैक्षणिक योग्यता के आधार पर मताधिकार प्रदान किया गया था। सभी को मताधिकार प्राप्त नहीं था।

8. नेहरू ने संविधान सभा में 'उद्देश्य प्रस्ताव' कब प्रस्तुत किया था? [M.P.P.C.S. (Pre) 2022]

Correct Answer: (d) 13 दिसंबर, 1946
Solution:13 दिसंबर, 1946 को भारत की संविधान सभा के प्रथम अधिवेशन की पांचवीं बैठक में जवाहरलाल नेहरू ने उद्देश्य प्रस्ताव रखा था, जिसने संविधान के निर्माण के लिए सटीक दर्शन एवं मार्गदर्शक सिद्धांत प्रदान किए और बाद में 'भारत के संविधान की प्रस्तावना का रूप लिया।

9. स्वतंत्र भारत की संविधान सभा के अध्यक्ष कौन थे? [M.P. P.C.S. (Pre), 2010]

Correct Answer: (b) डॉ. राजेंद्र प्रसाद
Solution:9 दिसंबर, 1946 को संविधान सभा की प्रथम बैठक की अध्यक्षता अस्थायी अध्यक्ष डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा ने की थी। 11 दिसंबर, 1946 को संविधान सभा ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद को निर्विरोध संविधान सभा के स्थायी अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित किया।

10. किसने कहा था "संविधान सभा अकेले ही देश के लिए एक स्वदेशी संविधान का निर्माण कर सकती है तथा सही मायने में और पूरी तरह से लोगों की इच्छा का प्रतिनिधित्व कर सकती है"? [M.P.P.C.S. (Pre) 2022]

Correct Answer: (a) महात्मा गांधी
Solution:महात्मा गांधी ने वर्ष 1939 में 'हरिजन' पत्रिका में लिखे एक लेख 'द ओनली वे' (The Only Way) में कहा था, "संविधान सभा अकेले ही देश के लिए एक स्वदेशी संविधान का निर्माण कर सकती है तथा सही मायने में और पूरी तरह से लोगों की इच्छा का प्रतिनिधित्व कर सकती है।"